(30) ओ सोनिये ओ सोनिये जब जीत हुई है हमारी।
अब बात होगी आज के गाने की और गीता बाली की।
गीता बाली की स्वाभाविक अदाएं और जबरदस्त टाइमिंग अन्य अभिनेत्रियों से काफी अलग होती थीं। सबसे सुंदर अभिनेत्री तो शायद नहीं कही जा सकती थीं, लेकिन उनमें मंत्रमुग्ध कर देने वाला गजब का आकर्षण था। वो सच में सबसे दिलचस्प अभिनेत्रियों में से एक हैं। ट्रेजेडी, कॉमेडी या रोमांस कैसा भी रोल हो वो अच्छे से, उमंग और उत्साह से करती थीं। (उन पर फिल्माए गए इस प्यारे रेल गीत को भी याद करें: मुझे सच सच बता दो फिल्म : बावरे नयन।)
आज के साइकिल गीत में लड़कों और लड़कियों की टोलियां साइकिल पर अलग-अलग पिकनिक मनाने निकली हैं। जाहिर है, रास्ते में टक्कर तो होनी ही थी। हुई भी! आप पहले भी साइकिल संगीत में ऐसी टक्करें देख चुके हैं।
टक्कर के बाद गीता बाली नाडिया हंटरवाली बन जाती हैं और हीरो की कुटाई कर देती हैं, लात घूंसे मारकर। कह सकते हैं कि हीरो की पुंगी बजा देती हैं।
( एडिटेड स्क्रीन शॉट्स)
तो ये था गाने का बैकग्राउंड। गीता बाली स्क्रीन पर हों और आवाज गीता दत्त की तो मजा तो आएगा ही। और फिर साथ में रफी भी हों तो मज़ा कई गुना बढ़ जाता है।
लड़कियां गीता बाली के नेतृत्व में साइकिल पर चले जा रही हैं। गीता बाली साइकिल चलाते-चलाते पुंगी बजा रही हैं। और फिर सभी लड़कियां गाए जा रही हैं: ओ सोनिये ओ सोनिये जब जीत हुई है हमारी।
सुरेश माउथ ऑर्गन बजाते हुए साइकिल चला रहे हैं और लड़कों की टोली भी उनके साथ यही गा रही है।
गीत लिखा श्याम ने है, संगीत राम का है, और गीता ज्ञान बांटा जा रहा है: ओ सोनिये ओ सोनिये जब जीत हुई है हमारी, क्यों ना हम शान से चलें। बड़ा धार्मिक गीत है! प्रेरणात्मक गीत भी है: शान से चलें।
पिकनिक स्थल पर पहुंचकर गीता बाली फिर से मस्त पुंगी बजाना शुरू कर देती हैं और सुरेश हाथ में बैडमिंटन का रैकेट लेकर नाच गाना करते हैं। वैसे गीता बाली की पुंगी के आगे तो ये बस झुनझुना ही रह जाता है। लड़कों ने बीच-बीच में छोरे होने का परिचय दिया है और सीटियां मारी हैं। बस उनका इतना ही अचीवमेंट रहा है जीवन में। लेकिन काफी है! भिया बिल्कुल आपके और हमारे समान!
वैसे कह सकते हैं कि ये भी एक सीटी गीत है। सीटी के बगैर बने गीतों पर तो बैन लगा देना चाहिए!
बस ऐसी ही चुलबुली हरकतों के साथ दोनों टीमें हंसते-खेलते पिकनिक मनाकर घर लौट जाती हैं और हमें दे जाती हैं होमवर्क: लिखो एक और साइकिल गीत!
लिख ही दिया है आप सब के लिए हंसते खेलते, सीटी बजाते-बजाते। जब जीत हुई है हमारी तो क्यों न हम शान से चलें! 😊🙏
पंकज खन्ना
9424810575
-🚴♂️-🚴♀️-🚴-🚴♂️-🚴♀️-🚴-🚴♂️-🚴♀️-🚴-
🚴♂️-🚴♀️-🚴-