(23) या (2A): साइकिल की सवारी है।
आज का साइकिल गीत: (23) साइकिल की सवारी है।
गीत: साइकिल की सवारी है। फिल्म: मनचली (1943)। गायक: सुंदर सिंघ। गायिका: रमोला। गीतकार: पता नहीं। संगीतकार: ग़ुलाम अहमद चिश्ती (बाबा चिश्ती)। निर्माता: बी तलवार। पर्दे पर: रमोला और सुंदर सिंघ।
फिल्म खजांची (1941) और इसके प्रसिद्ध गीत सावन के नज़ारे की सफलता के बाद फिल्म मनचली (1943) में फिल्म अभिनेत्री रमोला पर ही एक और साइकिल गीत फिल्माया गया था: साइकिल की सवारी है।
इस गाने में पुरुष स्वर सुंदर सिंघ का है जो पहले हीरो और गायक के रूप में आए थे और बाद में सिर्फ सुंदर के नाम से हिंदी और पंजाबी फिल्मों में प्रसिद्ध हास्य कलाकार बन गए।
दुर्भाग्य से ये फिल्म और इसके वीडियो कहीं भी उपलब्ध नहीं है। बस संगीत प्रेमियों ने इस गाने के तवे से गाने को निकालकर यू टयूब पर जमा कर दिया है। आपके और हमारे सुनने के लिए।
गाने के बोलों को सुनते ही आपको समझ आ जाएगा कि ये एक बहुत ही प्यारा साइकिल गीत है। (बाद में इसी गीत के बोलों को वक्त के साथ बदलकर बाबा सहगल और हेमा सरदेसाई की आवाज़ में सन 1995 में फिल्म 'डांस पार्टी' में एक गाना बनाया गया था जिसका जिक्र समय आने पर किया जाएगा।)
पहले साइकिल गीत सावन के नज़ारे हैं के ब्लॉग पोस्ट में हीरोइन रमोला के बारे में अधिक बात नहीं कर पाए थे। आज संक्षेप में हीरोइन रमोला को भी याद कर लिया जाए!
रमोला (1917-1988) का असली नाम था Rachel Cohen. उनके पिता यहूदी और स्कूल टीचर थे। रमोला की पढ़ाई बंबई और कलकत्ता में हुई। उन्होंने सन 1938 में बंगला फिल्म 'ग्रहेर फेर' से अभिनेत्री के रूप में करियर की शुरुआत की। फिल्म खजांची की सफलता के साथ वो भी एक प्रसिद्ध स्टार बन गईं। उन्होंने मेहनत करके ना सिर्फ हिंदी सीखी बल्कि हिंदी में गाने भी गाए।
इस गाने के संगीतकार ग़ुलाम अहमद चिश्ती (जी ए चिश्ती) ने भारतीय फिल्मों में सन 1936 से 1949 तक संगीत दिया।वो पंडित अमरनाथ और गुलाम हैदर के समकालीन और खय्याम के गुरु थे। फिर वो भारत छोड़ के पाकिस्तान चले गए जहां उन्होंने काफी सफलता प्राप्त की।
ग़ुलाम अहमद चिश्ती की बात अगले साइकिल गीत में भी जारी रहेगी।
आज के गाने साइकिल की सवारी है के बोल नेट पर उपलब्ध नहीं हैं। अस्पष्ट गाने को कई बार सुन-सुन कर नीचे बोल लिखे जा रहे हैं। कुछ गलतियां हो सकती हैं। कृपया गलतियां बताने की कृपा करें।
रमोला:साइकिल की सवारी है।-2
हम मदहारा(?) हैं।-2
साइकिल की सवारी है।-2
सुंदर: साइकिल मेरी टम टम है।-2
चैन से चलती है।2
जब तुम हो तो क्या ग़म है।2
बुलबुल के फ़साने हैं।2
कलियों का दिल समझें।2
और बंद ज़ुबाने हैं।
रमोला और सुंदर: और बंद ज़ुबाने हैं।
रमोला: अब तेज चलाना ना।2
सुंदर: डर गई!?
रमोला: उई माँ! कहीं हमको गिराना ना।2
सुंदर: ना में तुमको गिराऊंगा।2
रमोला: जो मैं गिर गई तो? 2
सुंदर: आँखों से उठाऊंगा।2
रमोला: फिर तुमको संभालोगे? 2
सुंदर: प्रीत निभावोगी!?2
रमोला: जब तुम भी निभा लोगे!3
इस गाने के बोलों से ये स्पष्ट है कि साइकिल एक ही है। रमोला साइकिल पर आगे बैठी हैं या पीछे!? आप कयास ही लगाते रहें, हमने तो उन्हें आगे बिठा दिया है!
बस, साइकिल की सवारी है! बाकी सब आलसियों की मजबूरी और रईसों के चोचले हैं!
-🚴♂️-🚴♀️-🚴-🚴♂️-🚴♀️-🚴-🚴♂️-🚴♀️-🚴-🚴♂️-🚴♀️-🚴-